चतरा में DSP मुख्यालय पहुंची महिला ने खाया जहर : गंभीर हालत में पीड़िता को भेजा गया सदर अस्पताल, इलाज जारी
चतरा:जिला समाहरणालय में पति की प्रताड़ना के खिलाफ न्याय की गुहार लगाने डीएसपी मुख्यालय पहुंची एक महिला ने जहर खाकर जान देने की असफल कोशिश की. दरअसल डीएसपी के द्वारा उसकी फरियाद पर विचार नहीं किया गया. इसके बाद उसने इस तरह का कदम उठाया. घटना के बाद पीड़िता को डीएसपी मुख्यालय ने इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा जहां उसकी इलाज जारी है.
मामले में सदर अस्पताल के डीएस डॉ. मनीष लाल ने बताया कि महिला की स्थिति सामान्य है. महावीर रविदास नामक व्यक्ति की पत्नी महिला कंचन देवी इटखोरी थाना क्षेत्र के करनी पंचायत के नावाडीह गांव की रहने वाली है. बताया जा रहा है कि महिला ने पति की प्रताड़ना से तंग आकर डीएसपी से शिकायत करने डीएसपी मुख्यालय पहुंची थी. डीएसपी द्वारा उसकी शिकायत पर विचार नहीं करने पर महिला ने जहर खा लिया. इसके बाद महिला की हालत खराब होने पर डीएसपी मुख्यालय ने उसे सदर अस्पताल भेजा.





