रांची : राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में चक्रवाती तूफान अकवान के कारण मौसम खराब होने से एयरपोर्ट पर शनिवार को विमान परिचालन पूरी तरह प्रभावित हुआ. 21 नवंबर को एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से जारी सूचना के अनुसार मौसम खराब रहने के कारण रांची से आने -जाने वाली कुल 14 उड़ाने रद्द की गई है. इनमें दिल्ली की 4,कोलकाता की 2 और हैदराबाद,पटना , मुंबई,भुवनेश्वर ,चेन्नई,अहमदाबाद,पुणे और बेंगलुरु की एक-एक फ्लाइट शामिल है.

सुबह कोलकाता से आने वाली फ्लाइट के रांची में लैंड करने से कुछ परिचालन सामान्य रहा. हालांकि, दोपहर 2:15 बजे आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली -रांची फ्लाइट रद्द कर दी गई.

मौसम खराब होने की प्रमुख वजह बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान 'अकवान' का प्रभाव है. यह तूफान 20 नवंबर को ओडिशा के गोपालपुर के पास तट पार कर चुका है. इसके प्रभाव से झारखंड में बारिश और बादल छाए रहने की स्थिति बनी हुई है.

मौसम विभाग के अनुसार 21 नवंबर को रांची में पिछले 24 घंटे के दौरान 12.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. आसमान में बादल और बारिश के कारण विमान परिचालन प्रभावित हो रहा है. इसका असर यात्रियों की यात्रा योजनाओं पर भी पड़ रहा है. हालांकि सभी फ्लाइटें रद्द होने की वजह केवल चक्रवात को मानना उचित नहीं होगा. एयरलाइंस ने रद्द उड़ानों के लिए खराब मौसम को कारण बताया है.