सियासत में रिश्ते कब बनते हैं और कब टूट जाते हैं, इसका कोई मुकम्मल हिसाब नहीं होता। कभी साथ चलने वाले लोग वक्त के थपेड़ों में एक-दूसरे से दूर हो जाते हैं, लेकिन कुछ रिश्ते ऐसे भी होते हैं, जिनकी डोर ओहदे और पार्टी की पाबंदियों से कमजोर नहीं पड़ती।बिहार की राजधानी पटना में इन दिनों ऐसा ही एक भावुक मंजर देखने को मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार आगमन और बहुप्रतीक्षित नीतीश सेतु के लोकार्पण से पहले पूर्व जदयू नेता छोटू सिंह ने अपने अंदाज में स्वागत की तैयारी की है।जनता दल यूनाइटेड से निष्कासित पूर्व महासचिव अरविंद कुमार सिंह उर्फ छोटू सिंह ने पटना से लेकर बिदुपुर तक बड़े-बड़े बैनर और होर्डिंग लगवाए हैं। राज्यभवन, जदयू कार्यालय, भाजपा कार्यालय, इनकम टैक्स गोलंबर, विकास भवन और डाकबंगला चौराहे जैसे प्रमुख स्थानों पर लगे ये पोस्टर राहगीरों का ध्यान खींच रहे हैं।

इन पोस्टरों के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आभार जताया गया है। नीतीश सेतु जैसी अहम परियोजना को लेकर उनके संदेश में सम्मान और अपनापन झलकता है।हालांकि, पार्टी से रिश्ता टूटने के बाद भी छोटू सिंह की भावनाओं में कोई बदलाव नजर नहीं आता। उनका कहना है कि ओहदे आते-जाते रहते हैं, सियासी रास्ते बदलते रहते हैं, लेकिन दिल का रिश्ता इतनी आसानी से खत्म नहीं होता।वे कल भी नीतीश कुमार के हनुमान थे, आज भी हैं और आगे भी रहेंगे। उनके इस बयान ने एक बार फिर बिहार के सियासी गलियारों में चर्चा छेड़ दी है।पटना की सड़कों पर लगे ये पोस्टर महज प्रचार सामग्री नहीं, बल्कि एक नेता की निजी आस्था और राजनीतिक पहचान का इजहार भी हैं।