मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी इन दिनों बिहार में चर्चा का विषय बनी हुई है। शादी की तैयारियों से लेकर मेहमानों की सूची और दामाद को दिए जाने वाले महंगे उपहार तक, हर बात लोगों का ध्यान खींच रही है। इसी बीच अनंत सिंह का भोजपुरी अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव को वीडियो कॉल कर शादी का निमंत्रण देने वाला वीडियो सामने आया है।वीडियो कॉल के दौरान अनंत सिंह खेसारी लाल यादव से कहते हैं, ''हां, आबो 25 के।'' यानी 25 तारीख को शादी में आने का आग्रह करते हैं। इस पर खेसारी बताते हैं कि 25 तारीख को उनके घर के सामने ही एक शादी है। ऐसे में वह दिन में आकर मुलाकात करने की कोशिश करेंगे। अनंत सिंह उन्हें 20 तारीख को आने का विकल्प भी देते हैं। खेसारी बताते हैं कि वह फिलहाल समस्तीपुर में कार्यक्रम में हैं और रात में पूर्णिया जाना है। पटना पहुंचने के बाद फोन करने की बात कहकर बातचीत समाप्त होती है।

इससे पहले मनोज तिवारी, पवन सिंह और मैथिली ठाकुर समेत कई कलाकारों को भी शादी का निमंत्रण दिए जाने की चर्चा सामने आ चुकी है। ऐसे में शादी में भोजपुरी और संगीत जगत की कई जानी-मानी हस्तियों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।शादी में उपहारों को लेकर भी खूब चर्चा है। रिपोर्ट के मुताबिक, अनंत सिंह अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश को करीब ढाई करोड़ रुपये की लैंड रोवर डिफेंडर कार उपहार में देने वाले हैं। वहीं, शादी के अवसर पर आयोजित घुड़दौड़ के विजेता को महिंद्रा थार देने की तैयारी है।ऋषिकेश करीब 11 वर्षों से अमेरिका में रह रहे हैं। उन्होंने वहीं पढ़ाई की है और नौकरी भी करते हैं। उनके स्वागत के लिए बिहटा में नया मकान भी तैयार कराया जा रहा है।शिवांगी के भाई अभिषेक ने कहा है कि शादी में आने वाले सभी मेहमानों का परिवार की ओर से हार्दिक स्वागत है। इस शादी को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी उत्सुकता बनी हुई है।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट