दरभंगा: बिहार के दरभंगा में अहले सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में तीन किशोरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मब्बी थाना क्षेत्र के बाजार समिति-27 के पास हुआ। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे बाकरगंज मोहल्ले में मातम पसरा है। जानकारी के मुताबिक, चारों किशोर एक ही मोहल्ले के रहने वाले थे। सभी किशोर बाकरगंज के रहने वाले थे।


बताया जा रहा है कि मोहल्ले की एक मस्जिद में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान चारों दोस्त रात करीब 3 बजे परिजनों को बिना बताए घर से निकले थे। उन्होंने परिवार वालों को बताया था कि वे मस्जिद में नमाज पढ़ने जा रहे हैं। हालांकि, इसके बाद चारों बाइक लेकर हाईवे की ओर निकल गए। अहले सुबह करीब 4 बजे बाजार समिति-27 के पासवे लोग हादसे का शिकार हो गए।

तीन किशोरों की मौत,एक अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा
इस भीषण हादसे में फारिश, मोहम्मद इस्तेखार और अल्ताफ नियाज की मौत हो गई। वहीं, मोहम्मद तल्फ गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें दिल्ली मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों के मुताबिक, घायल किशोर कोमा में है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

एक साथ तीन घरों में पसरा मातम
इस दर्दनाक घटना ने पूरे बाकरगंज मोहल्ले को झकझोर कर रख दिया है। एक ही मोहल्ले के तीन परिवारों ने अपने मासूम बच्चों को खो दिया। जिन घरों में कभी बच्चों की हंसी गूंजती थी, वहां अब चीख-पुकार और अपनों को खोने का दर्द है। यह हादसा एक बार फिर कम उम्र में वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

दरभंगा से गिरिश कुमार की रिपोर्ट