धनबाद के निरसा से एक दिल दहला देने वाली खबर है. बुधवार की अहले सुबह एनएच-19 पर एक बेकाबू हाईवा ने बाइक सवार एक हंसते-खेलते परिवार को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में मौके पर ही पति की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हैं। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने एनएच-19 को पूरी तरह जाम कर दिया।जानकारी के अनुसार, बक्सुमा निवासी उत्तम कुम्भकार अपनी पत्नी और छोटी बच्ची के साथ बाइक पर सवार होकर बक्सुमा से निरसा के बड़दंग जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक देवीयाना मोड़ के समीप पहुँची, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाईवा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भयानक थी कि उत्तम कुम्भकार की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, उनकी पत्नी और मासूम बच्ची गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए और तुरंत घायलों को एक टेंपो के जरिए निरसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
लेकिन इसके बाद जो तस्वीर सामने आई, वह व्यवस्था की पोल खोलने के लिए काफी थी। सड़क पर पड़ी लाश के लिए बार-बार फोन करने के बावजूद समय पर एम्बुलेंस नहीं पहुँची। मौके पर पहुँची निरसा पुलिस की गश्ती टीम को भी जनता के भारी विरोध का सामना करना पड़ा।आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-19 को दोनों तरफ से पूरी तरह बाधित कर दिया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोगों का गुस्सा इस बात पर था कि इस खतरनाक मोड़ पर कोई ट्रैफिक गार्ड या बैरिकेडिंग नहीं है, और आए दिन तेज रफ्तार हाईवा बेकाबू होकर कहर बरपा रहे हैं।आक्रोशित लोग सड़क जाम कर मृतक के परिवार के लिए मुआवजे की मांग पर अड़े हुए थे और हाईवा चालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। एक तरफ जहाँ लापरवाही भरी ड्राइविंग ने एक परिवार को उजाड़ दिया, वहीं प्रशासनिक सुस्ती ने लोगों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया।
