पटना : बिहारवासियों को भारत की प्राचीन आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का विशेष अवसर मिलने जा रहा है. आर्ट ऑफ लिविंग के तत्वावधान में मूल सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के पावन अवशेषों के बिहार आगमन के अवसर पर 1 से 11 दिसंबर 2026 तक राज्य के 11 प्रमुख स्थानों पर विशेष दर्शन एवं सामूहिक पूजा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देने के लिए शुक्रवार, 27 नवंबर को आर्ट ऑफ लिविंग के पटना केंद्र, विश्वकर्मा हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस एवं पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों एवं पत्रकारों को उनके योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया.
सोमनाथ: आस्था और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक
सोमनाथ ज्योतिर्लिंग बारह ज्योतिर्लिंगों में प्रथम माना जाता है और भारतीय सनातन परंपरा में इसका विशेष महत्व है. ऐतिहासिक मान्यताओं के अनुसार, वर्ष 1026 में महमूद गजनवी के आक्रमण के दौरान मूल शिवलिंग खंडित हुआ था. मान्यता है कि अग्निहोत्री ब्राह्मणों ने इसके पावन अंशों को सुरक्षित रखकर तमिलनाडु में संरक्षित किया. जनवरी 2025 में इस वंश परंपरा के वर्तमान संरक्षकों ने इन अवशेषों को बेंगलुरु में गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी को सौंपा.
इन पावन अवशेषों के आध्यात्मिक महत्व पर गुरुदेव ने कहा है, "एक हजार वर्षों तक अप्रकट रहने के बाद शिव अब प्रकट हुए हैं. इन पवित्र लिंगों के रूप में उनकी उपस्थिति यह दर्शाती है कि वे अविनाशी हैं. वे शाश्वत हैं."
यह आयोजन भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपराओं, सनातन विरासत और सांस्कृतिक चेतना से पुनः जुड़ने का एक महत्वपूर्ण अवसर है.
बिहार में सामूहिक पूजा एवं दर्शन कार्यक्रम
आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा आयोजित कार्यक्रमों की समय-सारिणी इस प्रकार है:
| तिथि | समय | स्थान |
|---|---|---|
| 2 दिसंबर, बुधवार | दोपहर 2:00 बजे | बेगूसराय .
| 3 दिसंबर, गुरुवार | सुबह 9:00 बजे | पटना सिटी .
| 5 दिसंबर, शनिवार | सुबह 7:00 बजे | बक्सर .
| 5 दिसंबर, शनिवार | सुबह 10:00 बजे | बक्सर.
| 6 दिसंबर, रविवार | सुबह 11:30 बजे | गांधी मैदान, पटना .
| 8 दिसंबर, मंगलवार | सुबह 9:00 बजे | समस्तीपुर .
| 8 दिसंबर, मंगलवार | दोपहर 2:30 बजे | मुजफ्फरपुर .
| 9 दिसंबर, बुधवार | दोपहर 2:00 बजे | बांका .
| 9 दिसंबर, बुधवार | शाम 5:00 बजे | कहलगांव .
| 10 दिसंबर, गुरुवार | सुबह 10:00 बजे | भागलपुर .
| 11 दिसंबर, शुक्रवार | सुबह 10:00 बजे | पूर्णिया .
इन सभी कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं को पावन अवशेषों के दर्शन एवं सामूहिक पूजन में सहभागी बनने का अवसर मिलेगा.
आर्ट ऑफ लिविंग की पहल
गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी के मार्गदर्शन में आर्ट ऑफ लिविंग निरंतर भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपराओं एवं सांस्कृतिक मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए प्रयासरत है. इस आयोजन को सफल बनाने के लिए संस्था के शिक्षक, स्वयंसेवक एवं विभिन्न जिलों के साधक सक्रिय रूप से सेवा और समन्वय में जुटे हैं.
इस अवसर पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में वैदिक धर्म संस्थान (VDS) की कोऑर्डिनेटर प्रज्ञा अग्रवाल, आर्ट ऑफ लिविंग बिहार के ऐपेक्स सदस्य रमेश कुमार तथा स्टेट टीचर कोऑर्डिनेटर (साउथ) नमिता सिंह ने आयोजन से संबंधित जानकारी साझा की.
प्रेस कॉन्फ्रेंस का संचालन आर्ट ऑफ लिविंग बिहार की मीडिया कोऑर्डिनेटर ज्योति सिन्हा ने किया.
इस अवसर पर आर्ट ऑफ लिविंग परिवार के *स्वयं प्रकाश, आलोक अग्रवाल, तनु श्री, प्रोफेसर राकेश कुमार सिंह एवं प्रिंस कुमार* सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे.
