पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में अंतरराज्यीय परिवहन को और मजबूत किया जा रहा है. इसी कड़ी में राज्य के 13 जिलों से देश की राजधानी दिल्ली के लिए नियमित बस सेवा शुरू हो गई है. ये बसें बिहार के 18 मार्गों से होते हुए दिल्ली पहुंचेंगी. इसके लिए शुक्रवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह, बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने बिहार-दिल्ली अंतरराज्यीय बस सेवा को संयुक्त रुप से हरी झंडी दिखाई. कार्यक्रम नई दिल्ली के महाराणा प्रताप अंतरराज्यीय बस अड्डा (आईएसबीटी), कश्मीरी गेट पर आयोजित हुआ. इसके पूर्व दोनों राज्यों के परिवहन सचिव (बिहार परिवहन सचिव राज कामार एवं दिल्ली परिवहन सचिव निहारिका राय) ने बस परिचालन के लिए एमओयू साइन किया.
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) के अनुसार, अंतरराज्यीय मार्गों पर परिचालन के लिए कुल 149 डीलक्स बसें खरीदी गई है. इनमें 75 नॉन-एसी एवं 74 एसी बसें हैं. इसके अतिरिक्त पीपीपी मोड में भी 150 बसें चलेंगी. इसके लिए प्रदेश में कुल 18 मार्गों का चयन किया गया है. पटना से सबसे अधिक 4 मार्ग, मुजफ्फरपुर और गया जी से 2-2 मार्ग, जबकि अररिया, बिहारशरीफ, भागलपुर, बक्सर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, मधुबनी, नवादा और पूर्णिया से 1-1 मार्ग दिल्ली के लिए चिह्नित किए गए हैं. हर मार्ग पर दिल्ली और बिहार दोनों तरफ से 12-12 परमिट का कोटा निर्धारित है.
यात्रियों को पर्व-त्योहार को नहीं करना होगा इंतजार- मंत्री
परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने कहा कि पहले यह सेवा केवल पर्व-त्योहारों तक ही सीमित रहती थी. वर्ष 2025 में पर्व-त्योहारों के दौरान ट्रेनों और दूसरे परिवहन साधनों में भारी भीड़ को देखते हुए बिहार सरकार ने यात्रियों की सुविधा के लिए 210 निगम एवं पीपीपी बसें चलाई थीं. इसी क्रम में वर्ष 2026 में दीपावली और छठ पर्व पर बिहार से दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड के विभिन्न मार्गों पर कुल 155 बसें चलाई गईं. यात्रियों की अच्छी प्रतिक्रिया और बढ़ती माँग के बाद यह ज़रूरी समझा गया कि ये सेवाएं पूरे वर्ष चलें. इसी उद्देश्य से बिहार सरकार संबंधित राज्यों के साथ पारस्परिक परिवहन समझौते कर रही है.
उन्होंने आगे बताया कि इससे पूर्व बिहार-हरियाणा के बीच जुलाई में 12 मार्गों पर नियमित बस संचालन के लिए एमओयू हुआ है. इसके तहत 36 बसों का परमिट निगम को प्राप्त हो चुका है. इन मार्गों में अधिकांश बसें दिल्ली होकर हरियाणा के विभिन्न गंतव्यों तक जाएंगी. इससे बिहार-हरियाणा के साथ-साथ बिहार-दिल्ली के यात्रियों को भी परिवहन सुविधा का लाभ प्राप्त होगा.
प्रमुख मार्ग और किराया
बसों में 4 श्रेणियों में किराया निर्धारित किया गया है - नॉन एसी सीटर, नॉन एसी स्लीपर, एसी सीटर और एसी स्लीपर.
1. पटना-दिल्ली (1198 किमी) - नॉन एसी सीटर 1615 रुपये, नॉन एसी स्लीपर 1715 रुपये, एसी सीटर 1980 रुपये, एसी स्लीपर 2919 रुपये
2. मुजफ्फरपुर-दिल्ली (1071 किमी) - नॉन एसी सीटर 1470 रुपये, नॉन एसी स्लीपर 1570 रुपये, एसी सीटर 1804 रुपये, एसी स्लीपर 2717 रुपये
3. गयाजी-दिल्ली (1106 किमी) - नॉन एसी सीटर 1555 रुपये, नॉन एसी स्लीपर 1655 रुपये, एसी सीटर 1907 रुपये, एसी स्लीपर 2784 रुपये
4. दरभंगा-दिल्ली (1137 किमी) - नॉन एसी सीटर 1592 रुपये, नॉन एसी स्लीपर 1692 रुपये, एसी सीटर 1853 रुपये, एसी स्लीपर 2866 रुपये
5. पूर्णिया-दिल्ली (1367 किमी) - नॉन एसी सीटर 2018 रुपये, नॉन एसी स्लीपर 2118 रुपये, एसी सीटर 2470 रुपये, एसी स्लीपर 3383 रुपये
6. भागलपुर-दिल्ली (1420 किमी) - नॉन एसी सीटर 1917 रुपये, नॉन एसी स्लीपर 2017 रुपये, एसी सीटर 2347 रुपये, एसी स्लीपर 3256 रुपये
7. अररिया-दिल्ली (1319 किमी) - नॉन एसी सीटर 1929 रुपये, नॉन एसी स्लीपर 2029 रुपये, एसी सीटर 2362 रुपये, एसी स्लीपर 3275 रुपये
8. किशनगंज-दिल्ली (1427 किमी) - नॉन एसी सीटर 2011 रुपये, नॉन एसी स्लीपर 2111 रुपये, एसी सीटर 2463 रुपये, एसी स्लीपर 3375 रुपये
9. मोतिहारी-दिल्ली (1071 किमी) - नॉन एसी सीटर 1429 रुपये, नॉन एसी स्लीपर 1529 रुपये, एसी सीटर 1755 रुपये, एसी स्लीपर 2694 रुपये
10. सीतामढ़ी-दिल्ली (1130 किमी) - नॉन एसी सीटर 1579 रुपये, नॉन एसी स्लीपर 1679 रुपये, एसी सीटर 1937 रुपये, एसी स्लीपर 2850 रुपये
11. शिवहर-दिल्ली (1118 किमी) - नॉन एसी सीटर 1559 रुपये, नॉन एसी स्लीपर 1659 रुपये, एसी सीटर 1913 रुपये, एसी स्लीपर 2821 रुपये
12. सीवान-दिल्ली (962 किमी) - नॉन एसी सीटर 1276 रुपये, नॉन एसी स्लीपर 1376 रुपये, एसी सीटर 1568 रुपये, एसी स्लीपर 2467 रुपये
13. सुपौल-दिल्ली (1285 किमी) - नॉन एसी सीटर 1774 रुपये, नॉन एसी स्लीपर 1874 रुपये, एसी सीटर 2175 रुपये, एसी स्लीपर 3114 रुपये
14. लौकहा-दिल्ली (1322 किमी) - नॉन एसी सीटर 1844 रुपये, नॉन एसी स्लीपर 1944 रुपये, एसी सीटर 2257 रुपये, एसी स्लीपर 3176 रुपये
अन्य मार्गों के किराए की जानकारी, बसों की समय-सारणी और ऑनलाइन टिकट बुकिंग की जानकारी बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के पोर्टल www.bsrtc.bihar.gov.in पर उपलब्ध होगी. यात्री टोल फ्री नंबर 1800-345-7251 पर भी जानकारी ले सकते हैं.
आयोजित कार्यक्रम में बीएसआरटीसी के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा, दिल्ली के चांदनी चौक के सांसद प्रवीण खंडेलवाल, मुख्य सचिव राजीव वर्मा और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे.
पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट-
