ईचाक प्रखंड की डुमरौन पंचायत में वार्ड सदस्यों ने प्रभारी मुखिया पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वार्ड सदस्यों ने उपायुक्त को आवेदन देकर जांच और मुखिया को पद से हटाने की मांग की है।वार्ड सदस्यों का कहना है कि पंचायत के पूर्व मुखिया चौहन महतो के आकस्मिक निधन के बाद उप मुखिया मनोज प्रसाद मेहता को मुखिया पद का प्रभार मिला है। तब से पंचायत के कार्यों की कोई जानकारी वार्ड सदस्यों को नहीं दी जा रही है।

आरोप है कि कार्यकारिणी बैठक में पारित योजनाओं को रजिस्टर में चढ़ाकर बाद में बदल दिया जाता है। योजनाओं को दूसरे स्थल पर ऑनलाइन कर बिचौलियों को लाभुक बनाकर कार्यान्वयन कराया जा रहा है।पूछने पर मुखिया द्वारा वार्ड सदस्यों के साथ दुर्व्यवहार और अभद्र भाषा के प्रयोग का भी आरोप लगाया गया है। वार्ड सदस्यों का कहना है कि मुखिया कहते हैं - तुम लोग हमारा मालिक नहीं हो, जाओ हमारा कुछ बिगाड़ नहीं पाओगे, मेरा पहुंच ऊपर तक है।

वार्ड सदस्यों ने उपायुक्त से जांच कराकर मुखिया को तत्काल पद से बर्खास्त करने की मांग की है।