बिहार में सम्राट सरकार की कैबिनेट बैठक मंगलवार को होने जा रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में शाम 5:30 बजे मुख्य सचिवालय स्थित मंत्रिपरिषद कक्ष में बैठक होगी। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग की ओर से जारी आधिकारिक पत्र के मुताबिक बैठक में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, सभी मंत्री, विकास आयुक्त और वित्त विभाग के प्रधान सचिव सहित संबंधित अधिकारी शामिल होंगे।सम्राट कैबिनेट की इस बैठक को कई मायनों में अहम माना जा रहा है। खासकर रोजगार और रोजी-रोजगार के मुद्दे पर सरकार की नजर रहेगी। युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने और विभिन्न विभागों में नियुक्ति एवं रोजगार से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है। सरकार इन प्रस्तावों पर अपनी सहमति दे सकती है।इसके अलावा नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रस्ताव भी कैबिनेट के एजेंडे में महत्वपूर्ण रहेंगे। शहरी विकास, आधारभूत संरचना और नगर निकायों से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा की संभावना है। वित्त विभाग के एजेंडे पर भी मंत्रिपरिषद की मुहर लग सकती है।
वहीं राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए भी यह बैठक महत्वपूर्ण हो सकती है। कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने की संभावना जताई जा रही है। अगर इस प्रस्ताव पर कैबिनेट की मुहर लगती है तो सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को महंगाई से राहत मिलेगी।इसके साथ ही पथ निर्माण विभाग के विभिन्न प्रस्तावों पर भी चर्चा होने की संभावना है। सड़क निर्माण, आधारभूत संरचना के विकास और अन्य योजनाओं से जुड़े प्रस्तावों को सरकार की मंजूरी मिल सकती है।कुल मिलाकर सम्राट कैबिनेट की आज की बैठक में रोजगार, शहरी विकास, वित्तीय फैसलों, कर्मचारियों के डीए और सड़क निर्माण से जुड़े प्रस्तावों पर सबकी नजर रहेगी। अब देखना होगा कि सरकार किन प्रस्तावों को मंजूरी देती है और बिहार के लिए कौन से नए फैसले सामने आते हैं।
