पटना के दीघा घाट से गांधी घाट तक गंगा नदी में कैटामरान वेसल(वाटर मेट्रो) का शुभारंभ माननीय मुख्यमंत्री, बिहार द्वारा दिनांक 10. 11.2026 को अपराह्न 3:00 बजे किया जाएगा। कैटामरान वेसल 50 यात्रियों की क्षमता वाला आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित जलयान है। यह मुख्यतः विद्युत ऊर्जा से संचालित होता है। इसके संचालन से जल प्रदूषण, ध्वनि प्रदूषण एवं वायु प्रदूषण नही होगी। यह गंगा नदी में पर्यटकों को एक रोमांचक एवं सुखद यात्रा का अनुभव प्रदान करेगा। इस कैटामरान वेसल में उद्घोषणा प्रणाली, वातानुकूलन (AC) सुविधा, शौचालय, व्हील चेयर एवं अन्य आवश्यक आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध हैं। दिनांक 10.11.2026 को कैटामरान वेसल(वाटर मेट्रो) का परिचालन पटना के दीघा (मीनार घाट) से अपराह्न 3:00 बजे प्रारंभ होगा तथा यह अपराह्न 3:40 बजे गांधी घाट पहुँचेगा।

इसके पश्चात गांधी घाट से पुनः दीघा के लिए अपराह्न 4:10 बजे प्रस्थान करेगा तथा शाम 5:30 बजे दीघा (मीनार घाट) पहुँचेगा। इस आधुनिक कैटामरान वेसल में यात्रा का किराया प्रति वयस्क ₹50 निर्धारित किया गया है। पाँच वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए यात्रा निःशुल्क होगी, जबकि पाँच से बारह वर्ष तक के बच्चों के लिए टिकट का दर निर्धारित किराये का आधा होगा। सभी पर्यटक अभी दीघा घाट पर काउंटर से टिकट प्राप्त कर सकते हैं, शीघ्र ही ऑनलाइन टिकट की भी सुविधा प्रदान की जाएगी। यह कैटामरान वेसल हाइब्रिड इंजन से लैस है। इसमें उपलब्ध बैटरी को चार्ज करने के लिए पटना के दीघा (मीनार घाट) एवं गांधी घाट पर फास्ट चार्जर (Fast Charger) एवं शोर चार्जर (Shore Charger) की व्यवस्था की गई है। भविष्य में इसका संचालन कंगन घाट तक विस्तारित किया जायेगा। पर्यटन विभाग की यह पहल गंगा नदी में पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देने तथा पर्यटकों को आधुनिक एवं सुविधाजनक जल परिवहन सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।