बिहार के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के मोबाइल इस्तेमाल पर सख्ती, स्कूल पहुंचते ही हेडमास्टर के पास जमा करना होगा फोन।
पटना: बिहार के सरकारी स्कूलों में पढ़ाई के दौरान शिक्षकों द्वारा मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर रोक लगाने की तैयारी है। कक्षा में पढ़ाने के समय मोबाइल पर बातचीत करते या रील, फिल्म और व्हाट्सऐप देखने में व्यस्त पाए जाने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में शिक्षा विभाग ने स्कूलों में अनुशासन और पढ़ाई का माहौल बेहतर बनाने के उद्देश्य से सख्त व्यवस्था लागू करने की पहल की है।
निर्देश के अनुसार, शिक्षकों को स्कूल में प्रवेश करने और अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के बाद मोबाइल फोन हेडमास्टर के पास जमा करना होगा। इसके लिए प्रधानाध्यापक के कार्यालय में लॉकर या निर्धारित स्थान की व्यवस्था की जाएगी। शिक्षक अपना मोबाइल फोन स्विच ऑफ या साइलेंट मोड में करके जमा करेंगे। प्रार्थना सभा से लेकर स्कूल की अंतिम घंटी बजने तक मोबाइल फोन हेडमास्टर के पास ही रहेगा।
हालांकि, विशेष परिस्थिति में मोबाइल इस्तेमाल की छूट दी जाएगी। किसी आकस्मिक चिकित्सकीय आपात स्थिति या अन्य गंभीर समस्या आने पर शिक्षक प्रधानाध्यापक को इसकी जानकारी देकर अनुमति प्राप्त कर सकेंगे। इसके बाद ही सीमित समय के लिए मोबाइल का इस्तेमाल कर पाएंगे।
अभिभावकों की शिकायतों के बाद सख्ती
ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में अभिभावकों और निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ शिक्षक कक्षा में पढ़ाने के बजाय मोबाइल फोन पर व्यस्त रहते हैं। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती है। शिक्षा विभाग का मानना है कि विद्यालय का समय विद्यार्थियों के बौद्धिक, मानसिक और शैक्षणिक विकास के लिए निर्धारित है।
इसके अलावा स्कूल का आधिकारिक मोबाइल नंबर सार्वजनिक किया जाएगा, ताकि किसी आपात स्थिति में अभिभावक सीधे स्कूल कार्यालय से संपर्क कर सकें। शिक्षा विभाग की इस पहल का मुख्य उद्देश्य कक्षाओं में शिक्षकों की सक्रियता बढ़ाना और सरकारी स्कूलों में पढ़ाई की गुणवत्ता एवं अनुशासन को मजबूत करना है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

