चौपारण के हथिया बाबा घाटी के पासNH-19पर हुआ दर्दनाक हादसा,मौके पर5लोगों ने तोड़ा दम,8घायलों को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग किया गया रेफर।
हजारीबागः झारखंड के हजारीबाग जिले में एक बार फिर मौत की घाटी में भीषण सड़क हादसा हुआ है। चौपारण थाना क्षेत्र के हथिया बाबा के पास NH-19 घाटी में सवारी गाड़ी और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में 5 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि 16 अन्य लोग घायल हो गए।

टक्कर इतनी जोरदार कि5लोगों की मौके पर मौत
मिली जानकारी के अनुसार, सवारी गाड़ी और ट्रक के बीच टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सवारी गाड़ी में सवार पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 16 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौत की घाटी में फिर तांडव! हजारीबाग में सवारी गाड़ी और ट्रक की भीषण टक्कर, 5 की मौत, 16 घायल
गिरिडीह से बनारस जा रहे थे सभी लोग
बताया जा रहा है कि सवारी गाड़ी में सवार सभी लोग गिरिडीह जिले के अटका से बनारस जा रहे थे। वे एक शव के अंतिम संस्कार के लिए बनारस जा रहे थे। इसी दौरान हथिया बाबा घाटी के पास उनकी गाड़ी की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई और यह दर्दनाक हादसा हो गया।

16घायल,8को हजारीबाग किया गया रेफर
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत दल सक्रिय हो गए। सभी घायलों को चौपारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने 8 लोगों को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया है।

मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी,राहत-बचाव कार्य जारी
घटना की जानकारी मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। NHAI की एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम किया गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है।

फिलहाल इस भीषण दुर्घटना ने एक बार फिर NH-19 के हथिया बाबा घाटी में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे के कारणों का आधिकारिक खुलासा होना अभी बाकी है।

हजारीबाग से पप्पु ठाकुर की रिपोर्ट