पटना: राजधानीपटना में गुरुवार को बिहार इन्वेस्टर मीट2026का आयोजन किया गया. पटना के होटल ताज में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी भी शामिल हुए. कार्यक्रम में निवेश और औद्योगिक विकास को लेकर उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ विस्तार से चर्चा हुई.

सीएम सम्राट चौधरी ने निवेशकों को राज्य में उद्योग लगाने के लिए किया प्रोत्साहित

इन्वेस्टर मीट का मुख्य फोकस बिहार में निवेश के नए अवसर तलाशने और राज्य में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर रहा. सरकार की ओर से निवेशकों को राज्य की औद्योगिक नीतियों और निवेश के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई. साथ ही बिहार में निवेश बढ़ाने की रणनीति पर भी मंथन किया गया.

सीएम सम्राट चौधरी ने निवेशकों को राज्य में उद्योग लगाने के लिए किया प्रोत्साहित

कार्यक्रम में शामिल निवेशकों ने बिहार में निवेश को लेकर सकारात्मक रुख जताया. निवेशकों का कहना है कि सरकार की रणनीति से वे सहमत हैं. सरकार की ओर से सड़क,बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ सुरक्षा का भरोसा भी दिया गया है. इसको लेकर निवेशकों में उत्साह देखने को मिला.

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में स्थापित होने वाली फैक्ट्रियों के मानक के अनुरूप उत्पादों की खरीद को लेकर भी सरकार सहयोग करेगी. उन्होंने निवेशकों को राज्य में उद्योग लगाने के लिए प्रोत्साहित किया.

वहीं,केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि बिहार के युवाओं को रोजगार के लिए मुंबई जैसे बड़े शहरों का रुख करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. राज्य में ही उद्योग और रोजगार के नए अवसर तैयार किए जाएंगे.

इन्वेस्टर मीट के जरिए सरकार ने बिहार को निवेश और औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनाने की दिशा में अपनी रणनीति सामने रखी.

पटना से अंकित कुमार की रिपोर्ट--