Patna : पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र केMLCचुनाव में गुरुवार को नामांकन के दौरान सियासी शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला. जनसुराज उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह नामांकन के लिए जदयू विधायक अनंत सिंह के साथ खुली जीप में निकले. अनंत सिंह के हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास से शुरू हुआ काफिला समर्थकों की भीड़ के साथ प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय पहुंचा.

काफिले में रास्ते भर नारेबाजी होती रही. खास बात ये रही कि समर्थकों ने नीतीश कुमार,निशांत कुमार और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के समर्थन में भी नारे लगाए. खुली जीप में अनंत सिंह के साथ अनुज सिंह की मौजूदगी ने पटना स्नातक सीट के चुनावी मुकाबले को और चर्चा में ला दिया.

दरअसल,इस सीट से जदयू ने वर्तमान विधान पार्षद और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है. वहीं जनसुराज ने डॉ. अनुज सिंह को मैदान में उतारा है. अनंत सिंह पहले ही नीरज कुमार के खिलाफ अपना विरोध सार्वजनिक कर चुके हैं और अनुज सिंह के समर्थन का ऐलान कर चुके हैं.

नामांकन के बाद अनंत सिंह ने अनुज सिंह को माला पहनाकर बधाई दी. समर्थकों की भीड़ और लगातार नारेबाजी से पूरा इलाका चुनावी रंग में नजर आया.

अब इस मुकाबले में सिर्फ उम्मीदवारों की लड़ाई नहीं,बल्कि नेताओं की सक्रियता और समर्थन भी चर्चा का केंद्र बन गया है. पटना स्नातक सीट पर मतदान23अक्टूबर को होगा,जबकि नतीजे27अक्टूबर को आएंगे. ऐसे में अनंत सिंह के खुले समर्थन के बाद इस चुनावी मुकाबले पर सबकी नजर है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट --