Hindi News / गया के होटल ग्रुप पर ईडी का शिकंजा, 85 करोड़ के लोन में...

BIG NEWS : गया के होटल ग्रुप पर ईडी का शिकंजा, 85 करोड़ के लोन में 58 करोड़ डायवर्ट करने का आरोप

Edited By:  |
big news big news

गया जी : इस वक्त की बड़ी खबर बिहार के गयाजी से आ रही है जहां बैंक लोन धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को गया के रामनंदी होटल्स एंड रिसॉर्ट्स लिमिटेड (RHRL) से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की है. गया और बोधगया में एक साथ हुई कार्रवाई के दौरान कंपनी के निदेशक अखौरी गोपाल और उनके बेटों निशांत व नितेश से जुड़े परिसरों की भी तलाशी ली गई है.

ईडी की यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA)के तहत की जा रही है. बताया जा रहा है कि जांच सीबीआई की एफआईआर और चार्जशीट के आधार पर आगे बढ़ी है. जांच एजेंसी के अनुसार मामले में कथित अपराध से जुड़ी राशि करीब 131.79 करोड़ रुपये है.

ईडी के मुताबिक,रामनंदी होटल्स एंड रिसॉर्ट्स लिमिटेड को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के नेतृत्व वाले बैंकों के समूह से करीब 85 करोड़ रुपये का लोन मिला था. आरोप है कि इसमें से करीब 58 करोड़ रुपये तय उद्देश्य से हटाकर दूसरी जगह इस्तेमाल किए गए.

जांच एजेंसी फर्जी प्रोजेक्ट कंप्लीशन रिपोर्ट के जरिए लोन लेने और लोन की राशि के लेन-देन की भी पड़ताल कर रही है. इसके अलावा गिरवी रखी गई पांच संपत्तियों को कथित तौर पर बेचने और कम कीमत पर बिक्री के आरोपों की जांच हो रही है.

वहीं बोधगया के अमरबीघा में भी ईडी की कार्रवाई जारी है. सूत्रों के अनुसार वहां मिथिलेश राय के घर पर भी सुबह से छापेमारी चल रही है. हालांकि,इस कार्रवाई को लेकर आधिकारिक विस्तृत जानकारी का इंतजार है.

गया से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट--