जगदीशपुर के तेंदुनी गांव में डबल मर्डर से दहशत, भाई पर हत्या का आरोप; पुलिस ने बड़े बेटे और उसकी पत्नी को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ
आरा: बिहार के भोजपुर जिले में दोहरे हत्याकांड की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है। जगदीशपुर थाना क्षेत्र के तेंदुनी गांव में धारदार हथियार और लोहे के हथौड़े से वार कर मां और बेटे की हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान रामवती देवी और उनके पुत्र सुनील कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पारिवारिक विवाद और जमीन संबंधी विवाद को घटना की वजह बताया जा रहा है। हत्या का आरोप मृतक के बड़े बेटे पर लगा है।
घर में घुसकर मां-बेटे की हत्या, इलाके में मचा हड़कंप
मिली जानकारी के अनुसार, रामवती देवी अपने दूसरे बेटे सुनील कुमार के साथ रहती थीं। इसी दौरान परिवार में पहले से चल रहे विवाद को लेकर कथित तौर पर उनके बड़े बेटे ने धारदार हथियार (गड़ासा) से दोनों पर हमला कर दिया। हमले में मां-बेटे की मौत हो गई। आरोप है कि दोनों पर लोहे के हथौड़े से भी वार किया गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। दो लोगों की हत्या की खबर मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
घटनास्थल पर पहुंचे एसडीपीओ, FSLटीम ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही जगदीशपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, ताकि वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए जा सकें। मौके पर पहुंचे जगदीशपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रवि कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कराई।
बड़े बेटे और उसकी पत्नी हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ
जगदीशपुर के एसडीपीओ रवि कुमार ने बताया कि मृतक रामवती देवी और सुनील कुमार मां-बेटे थे। दोनों की हत्या धारदार हथियार और हथौड़े से वार कर की गई है। सूचना मिलने के बाद वह स्वयं और थानाध्यक्ष घटनास्थल पर पहुंचे हैं। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले में मृतका के बड़े पुत्र दिनेश और उसकी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे पारिवारिक एवं जमीन विवाद समेत अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
दोहरे हत्याकांड से गांव में दहशत
एक ही परिवार के दो सदस्यों की हत्या से तेंदुनी गांव में मातम और दहशत का माहौल है। ग्रामीण इस दोहरे हत्याकांड से स्तब्ध हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच के बाद घटना की पूरी सच्चाई सामने आएगी।
आरा से विवेक कुमार सिंह की रिपोर्ट

