बेला थाना क्षेत्र के नारायणपुर इंडस्ट्रीज एरिया फेज-2में उत्पाद विभाग की छापेमारी;पंजाब से शराब लेकर पहुंचा था ट्रक,स्थानीय तस्करों और नेटवर्क की तलाश जारी

मुजफ्फरपुर: दीपावली से पहले बिहार में शराब तस्करों के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मुजफ्फरपुर में उत्पाद विभाग की टीम ने बेला थाना क्षेत्र के नारायणपुर इंडस्ट्रीज एरिया फेज-2में खड़े पंजाब नंबर के एक संदिग्ध ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक को भी गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार चालक की पहचान पंजाब के फतेहगढ़ साहिब निवासी मनप्रीत सिंह के रूप में हुई है।

गुप्त सूचना पर उत्पाद विभाग ने की छापेमारी

मिली जानकारी के अनुसार,उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि नारायणपुर इंडस्ट्रीज एरिया फेज-2में पंजाब नंबर का एक ट्रक संदिग्ध स्थिति में खड़ा है। आशंका जताई गई थी कि ट्रक में भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई है।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए उत्पाद इंस्पेक्टर ने एएसआई नीरज कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया। इसके बाद टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर संदिग्ध ट्रक की तलाशी ली।

ट्रक से करीब एक करोड़ की विदेशी शराब बरामद

तलाशी के दौरान ट्रक के अंदर से विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। उत्पाद विभाग ने शराब को जब्त कर ट्रक चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई के बाद शराब तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है। दीपावली से पहले इतनी बड़ी खेप की बरामदगी को उत्पाद विभाग की अहम कार्रवाई माना जा रहा है।

पंजाब से शराब लेकर मुजफ्फरपुर पहुंचा था चालक

प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार चालक मनप्रीत सिंह ने बताया कि वह शराब की खेप पंजाब से लेकर मुजफ्फरपुर पहुंचा था। यहां अलग-अलग जगहों पर शराब की खेप उतारी जानी थी। हालांकि,इससे पहले ही उत्पाद विभाग की टीम ने ट्रक को पकड़ लिया।

शराब तस्करी के नेटवर्क की तलाश में जुटी टीम

फिलहाल उत्पाद विभाग की टीम गिरफ्तार चालक से पूछताछ कर रही है। पुलिस और उत्पाद विभाग की जांच का मुख्य उद्देश्य शराब की इस खेप को मंगाने वाले स्थानीय तस्करों,इसके वास्तविक मालिक और पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाना है।

विभाग यह भी पता लगाने में जुटा है कि शराब की खेप मुजफ्फरपुर में किन-किन स्थानों पर पहुंचाई जानी थी और इस अवैध कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

मुजफ्फरपुर से रविरंजन कुमार की रिपोर्ट