औरंगाबाद : बड़ी खबर बिहार के औरंगाबाद से है जहां बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े सीएसपी संचालक को गोली मारकर करीब तीन लाख रुपये लूट लिया. बाइकसवार अपराधियों ने फेसर थाना क्षेत्र के बद्री बिगहा और पिरौटा गांव के बीच ओवरटेक कर सीएसपी संचालक की बाइक रोकी और हथियार के बल पर लूटपाट की. विरोध करने पर अपराधियों ने जांघ में गोली मार दी और लैपटॉप समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए. घटना के बाद सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर अग्रेतर कार्रवाई में जुट गई है.
बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह प्रदीप कुमार अपने घर से सीएसपी खोलने के लिए कुरहमा जा रहे थे. इसी दौरान फेसर थाना क्षेत्र के बद्री बिगहा और पिरौटा गांव के बीच बाइक सवार अपराधियों ने ओवरटेक कर उनकी बाइक रोक दी. अपराधियों ने रुपये छीनने का प्रयास किया और विरोध करने पर प्रदीप कुमार की जांघ में गोली मार दी. गोली लगने के बाद अपराधी करीब तीन लाख रुपये,लैपटॉप और अन्य सामान लेकर मौके से फरार हो गए. घायल प्रदीप कुमार को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया,जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मगध मेडिकल कॉलेज,गया रेफर कर दिया गया है. वहीं घटना की सूचना मिलते ही फेसर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन में जुटी है. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है. घायल सीएसपी संचालक की पहचान पिरौटा गांव निवासी 32 वर्षीय प्रदीप कुमार के रूप में हुई है. प्रदीप कुमार कुरहमा गांव में बैंक ऑफ बड़ौदा का सीएसपी संचालित करते हैं.
औरंगाबाद से मंन्टू कुमार की रिपोर्ट-
