पटना: बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी खबर है. देशव्यापी बैंक हड़ताल से पहले 27 सितंबर,रविवार को सभी व्यावसायिक और ग्रामीण बैंक खुले रहेंगे. रिजर्व बैंक की अनुमति के बाद बैंकों को रविवार को सामान्य कामकाज के लिए खोलने का निर्देश दिया गया है. इसका उद्देश्य ग्राहकों को लगातार कई दिनों तक बैंक शाखाएं बंद रहने से होने वाली परेशानी से राहत देना है.

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस यानीUFBUने 28 से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है. इससे पहले 26 सितंबर को शनिवार और 27 सितंबर को रविवार की छुट्टी थी. ऐसे में लगातार पांच दिनों तक बैंक शाखाओं का नियमित कामकाज प्रभावित होने की स्थिति बन रही थी.

रविवार को बैंक खोलने से ग्राहकों को हड़ताल शुरू होने से पहले जरूरी बैंकिंग काम निपटाने का मौका मिलेगा. ग्राहक जमा-निकासी,चेक से जुड़े काम,ऋण और अन्य बैंकिंग सेवाओं के लिए शाखाओं का उपयोग कर सकेंगे.

हालांकि,रविवार को बैंक खोलने के फैसले से बैंक यूनियनों में नाराजगी है. ऑल इंडिया बैंक कंफेडरेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमरेश विक्रमादित्य और ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय सचिव डीएन त्रिवेदी ने इस फैसले पर आपत्ति जताई है. यूनियनों ने रिजर्व बैंक से रविवार को बैंक खोलने का आदेश वापस लेने की मांग की है.

28 से 30 सितंबर की प्रस्तावित हड़ताल के दौरान शाखाओं में जमा-निकासी,चेक क्लियरेंस,ऋण और अन्य ग्राहक सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं. डिजिटल बैंकिंग, UPIऔरATMसेवाओं पर असर संबंधित बैंक और हड़ताल में कर्मचारियों की भागीदारी पर निर्भर करेगा.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--