जमशेदपुर:इस वक्त की बड़ी खबर झारखंड के जमशेदपुर से है जहां गुरुवार सुबहसोनारी थाना क्षेत्र में एनएच पर भीषण सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई. मरनेवालों में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी भी शामिल हैं. घटना से इलाके में सनसनी है. वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर अग्रेतर कार्रवाई में जुट गई है.

बताया जा रहा है कि सोनारी थाना क्षेत्र स्थित मरीन ड्राइव पर गुरुवार तड़के सड़क पर खराब खड़े ट्रेलर में तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा ट्रेलर के नीचे घुस गया. हादसे में कार में सवार मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत कुल 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मरनेवालों में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह, सार्थक अग्रवाल,नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल शामिल हैं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. हादसा किन परिस्थितियों में हुआ,फिलहाल इसकी जानकारी जुटाई जा रही है. इस दुखद खबर सामने आने के बाद मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के परिवार,परिचितों और समर्थकों के बीच शोक का माहौल है.

जमशेदपुर से राहुल कुमार की रिपोर्ट--