बेटी की शादी में पीएम मोदी को न्योता देंगे अनंत सिंह, चार लाख मेहमानों के लिए बनेगा खाना

पटना: मोकामा के विधायक अनंत सिंह अपनी बेटी की शादी को यादगार और भव्य बनाने की तैयारी में जुटे हैं। इस शादी समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव तक को आमंत्रित करने की योजना है। अनंत सिंह ने कहा है कि वह खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शादी का निमंत्रण कार्ड देंगे। इसके अलावा अपने दोस्तों और परिचितों को व्यक्तिगत रूप से निमंत्रण देने भी जाएंगे। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को वह पहले ही शादी का कार्ड दे चुके हैं।

अनंत सिंह ने पक्ष और विपक्ष के सभी प्रमुख नेताओं को शादी में बुलाने की इच्छा जताई है। उनका कहना है कि देश के किसी भी हिस्से या विदेश से आने वाले मेहमानों का स्वागत किया जाएगा। उन्होंने यहां तक कहा कि हिंदुस्तान और पाकिस्तान सहित दुनिया के किसी भी हिस्से से लोग शादी में शामिल होने आएं, तो उनका स्वागत है। उन्होंने हाथ जोड़कर लोगों से समारोह में शामिल होने की अपील भी की।

चार लाख लोगों के भोजन की तैयारी

शादी समारोह में मेहमानों के स्वागत और खानपान के लिए बड़े स्तर पर इंतजाम किए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, करीब चार लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था करने की तैयारी है। मेहमानों के लिए 150 से अधिक तरह के व्यंजन परोसे जाएंगे। खाने-पीने के साथ ठहरने और स्वागत की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

फिल्मी और भोजपुरी कलाकारों को भी न्योता

समारोह में फिल्म और संगीत जगत की कई चर्चित हस्तियों को आमंत्रित करने की तैयारी है। अनंत सिंह के अनुसार, सोनू सूद, मनोज तिवारी, मैथिली ठाकुर, अक्षरा सिंह और पवन सिंह सहित करीब तीन दर्जन बॉलीवुड और भोजपुरी कलाकारों को बुलाने की संभावना है।

गांव में उत्सव जैसा माहौल

बेटी की शादी को लेकर अनंत सिंह के गांव में भव्य मंडप सजाने की तैयारी चल रही है। धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-पाठ भी जारी हैं। परिवार के सदस्य और समर्थक आयोजन को यादगार बनाने में जुटे हैं। फिलहाल शादी की तैयारियां पूरे जोर-शोर से चल रही हैं।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट