बिहारियों पर कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल गौतम की विवादित टिप्पणी से सियासी घमासान,मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कांग्रेस नेतृत्व से मांगा सार्वजनिक माफीनामा
पटना: बिहार के लोगों को लेकर कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल गौतम की विवादित टिप्पणी के बाद राज्य की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के बयान पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कांग्रेस नेतृत्व से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के बिहारी होने पर टिप्पणी
दरअसल, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के बयान के संदर्भ में प्रतिक्रिया देते हुए राजेंद्र पाल गौतम ने बिहारियों को लेकर टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि बेचारे बिहारियों को कुछ आता-जाता नहीं है और उन्हें जो स्क्रिप्ट लिखकर दी जाती है, वे वही पढ़ देते हैं। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए राम के नाम पर सत्ता हासिल करने और राम के चढ़ावे की चोरी का आरोप भी लगाया।
सीएम सम्राट चौधरी नेXपर पोस्ट कर दी कड़ी प्रतिक्रिया
इस बयान पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने एक्स हैंडल के माध्यम से कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बिहार और बिहारियों का अपमान करने के साथ प्रभु श्रीराम के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी करना कांग्रेस की अहंकारी और नकारात्मक मानसिकता को दर्शाता है। बिहार ज्ञान, प्रतिभा, परिश्रम और स्वाभिमान की धरती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था और श्रद्धा के केंद्र हैं। बिहार के स्वाभिमान और धार्मिक आस्था से कोई समझौता नहीं किया जा सकता।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेतृत्व से बिहार की जनता और देश के करोड़ों रामभक्तों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने अपने संदेश के अंत में 'जय बिहार, जय श्रीराम' का नारा भी दिया।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने की तत्काल माफी मांगने की मांग
वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि राजेंद्र पाल गौतम की टिप्पणी से14करोड़ बिहारवासियों का अपमान हुआ है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से तत्काल माफी मांगने की मांग की। इस बयान के बाद बिहार में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस को घेरना शुरू कर दिया है। अब इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

