कोडरमा जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलैया डैम रोड में तितिरचांच जंगल के समीप टोटो और बाइक की टक्कर से टोटो पलट गई और बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान शंभू यादव, उम्र लगभग 45 वर्ष, ग्राम उरवां निवासी के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक उरवां की ओर से तिलैया डैम की ओर जा रहा था, वहीं टोटो तिलैया डैम से उरवां मोड़ की ओर आ रहा था। इसी दौरान तितिरचांच जंगल के समीप दोनों वाहनों में टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही चंदवारा पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया में जुट गई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक मृतक का ससुराल पथलगड्डा के हिरणों में था। वह गंदोरी यादव नामक व्यक्ति का दामाद था। मृतक उरवां में मकान बनाकर रह रहा था। मृतक मूल रूप से बिहार के नवादा जिले के सिंगाटांड का रहने वाला था। मृतक के दो पुत्र व दो पुत्री हैं। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।