पटना: मोकामा के विधायक अनंत सिंह एक बार फिर अपनी शाही जीवनशैली और भव्य पारिवारिक आयोजनों को लेकर चर्चा में हैं। उनकी बेटी शिवांगी की शादी और बेटे अभिनव के जनेऊ संस्कार को लेकर खास तैयारियां की जा रही हैं। इन आयोजनों में महंगे उपहारों की चर्चा भी खूब हो रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अनंत सिंह अपनी बेटी के होने वाले पति ऋषिकेश कुमार को करीब दो करोड़ रुपये की लैंड रोवर डिफेंडर कार उपहार में देंगे। वहीं, बेटे अभिनव को जनेऊ संस्कार के अवसर पर करीब एक करोड़ रुपये की BMW कार देने की तैयारी है।
अनंत सिंह की संपत्ति को लेकर भी कई दिलचस्प आंकड़े सामने आए हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में दाखिल चुनावी हलफनामे के अनुसार, अनंत सिंह ने अपनी सालाना आय करीब 39 लाख रुपये बताई थी, जबकि उनकी पत्नी नीलम देवी की सालाना आय लगभग 88 लाख रुपये दर्ज है। हलफनामे के मुताबिक, अनंत सिंह के पास करीब 37 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति है। वहीं, उनकी पत्नी के नाम लगभग 63 करोड़ रुपये की संपत्ति बताई गई है। इस तरह दंपती की कुल घोषित संपत्ति 100 करोड़ रुपये के आसपास पहुंचती है।
अनंत सिंह को महंगी गाड़ियों का भी शौक है। उनके पास करीब 2.70 करोड़ रुपये की लैंड क्रूजर, 48 लाख रुपये की फॉर्च्यूनर और महिंद्रा एक्सयूवी जैसी गाड़ियां हैं। इसके अलावा शेयर बाजार में भी उन्होंने 10 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश कर रखा है। जमीन और व्यावसायिक संपत्तियों में भी उनका बड़ा निवेश बताया गया है।
गौरतलब है कि शिवांगी की शादी 25 नवंबर को पटना जिले के बाढ़ स्थित पैतृक गांव नदवां में होनी है। इस आयोजन में बड़ी संख्या में मेहमानों के पहुंचने की संभावना है। शादी के दौरान घुड़दौड़ प्रतियोगिता और विजेताओं को वाहन उपहार में देने की भी चर्चा है। अनंत सिंह की बेटी की शादी अब बिहार की चर्चित शादियों में शामिल हो गई है।
संजय कुमार की रिपोर्ट

