अजब मामले की गजब कहानी : 60 फीट लंबे पुल को JCB से ले उड़े चोर, जानें पूरा मामला

Edited By:  |
Reported By:
ajab mamle ki gajab kahani ajab mamle ki gajab kahani

रोहतास : बिहार के सासाराम के नासरीगंज में सोन नहर पर बना लोहे का ऐतिहासिक पुल देखते ही देखते गायब हो गया। विडंबना है कि 60 फीट लंबे, 10 फीट चौड़े व 12 फीट ऊंचे पुल को दिन दहाड़े उखाड़ कर इसके मलबे को वाहनों से ढो दिया गया। लेकिन, विभाग को इसकी भनक तक नहीं लगी।

बता दें कि यह पुल सोन नहर अवर प्रमंडल नासरीगंज के अमियावर गांव स्थित आरा मुख्य नहर पर स्थित कंक्रीट के पुल के समानांतर लगभग 50 फीट की दूरी पर था। जिसे जेसीबी मशीन की मदद से उखाड़ कर मलबे को वाहनों में लाद कर ले जाया गया। जानकारी मिली है कि पुल को उखाड़ने के लिए आये लोगों खुद को सिंचाई विभाग के अधिकारी बता रहे थे।

सैंकड़ों सालों से लोग गांव के उस पार आने-जाने के लिए नाव से नहर पार करते थे। इसी क्रम में वर्ष 1966 में यात्री से भरी नाव नहर के गहरे पानी में डूब गई। इस हादसे में दर्जन भर लोगों की जान चली गई थी। जिसके बाद 1972 से 1975 के बीच नहर पर उक्त लोहे के पुल का निर्माण तत्कालीन सरकार ने कराया था। पुल के आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त होने पर इसके समानांतर कंक्रीट पुल का निर्माण हुआ। जिसके बाद गांव के बच्चे लोहे के पुल के ऊपर से नहर में छलांग लगाने का खेल खेलते थे और फोटो खिंचवाते थे। अब बच्चे भी परेशान हैं कि उनके खेल का एक साधन गायब कर दिया गया।


Copy