BIHAR NEWS: पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर जदयू के मोकामा विधायक अनंत सिंह और पार्टी प्रत्याशी नीरज कुमार के बीच जारी विवाद अब पार्टी नेतृत्व के संज्ञान में पहुंच गया है। अनंत सिंह लगातार नीरज कुमार के खिलाफ बयान दे रहे हैं और उन्हें हराने की बात कह चुके हैं।
मंगलवार को जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा और ग्रामीण विकास मंत्री व जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान अनंत सिंह के बयानों और पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ उनके रुख से जुड़े मामले की जानकारी नीतीश कुमार को दी गई।
प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि पार्टी इस बात पर नजर रख रही है कि कौन क्या बोल रहा है और जदयू प्रत्याशी के खिलाफ किस तरह के बयान सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल पार्टी का लक्ष्य विधान परिषद की सभी आठ सीटों पर एनडीए के प्रत्याशियों को लेकर चुनावी तैयारी करना है।
जदयू नेतृत्व के अनुसार पार्टी के निर्णय के खिलाफ जाना अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है और इस पर पार्टी निर्णय ले सकती है। इससे पहले भी अनंत सिंह को पार्टी कार्यालय बुलाकर समझाने का प्रयास किया गया था।
अनंत सिंह का कहना है कि उनका नीरज कुमार से व्यक्तिगत विवाद है। वे आरोप लगाते रहे हैं कि विधानसभा के पिछले चार चुनावों में नीरज कुमार ने उनका विरोध किया था। वहीं, पार्टी नेतृत्व ने विवाद को उचित नहीं बताया है। अब इस मामले में शीर्ष नेतृत्व के अगले कदम पर नजर है।
बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट

