डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ और उस पर कालिख पोतने के मामले में रांची पुलिस ने महज़ कुछ ही दिनों में एक 17 वर्षीय किशोर को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के मुताबिक, यह पूरी घटना 27 सितंबर की देर शाम की है। आरोपी किशोर, जो रांची के हेहल इलाके का रहने वाला है, ने हरमू पार्क में स्थापित राष्ट्रनायक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के चेहरे पर काले रंग के स्प्रे से कालिख पोत दी थी। लेकिन, इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने एक ऐसी नादानी की, जो उसकी गिरफ्तारी का सबसे बड़ा सबब बन गई।
दरअसल, आरोपी ने प्रतिमा पर कालिख पोतने से ठीक पहले घटनास्थल के पास मौजूद इमली के पेड़ के समीप स्प्रे पेंट से अपनी इंस्टाग्राम आईडी लिख दी थी! पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू की, तो इसी इंस्टाग्राम आईडी ने पुलिस को सीधा आरोपी तक पहुँचा दिया। इसके बाद मंगलवार को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे हेहल इलाके से दबोच लिया।
जांच में यह भी चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि जिस ब्लैक स्प्रे से प्रतिमा को गंदा किया गया, वह आरोपी को पार्क के अंदर ही मिल गया था। उसने पहले उसी स्प्रे से अपनी इंस्टाग्राम आईडी 'कोका डॉन' लिखी और फिर उसी का इस्तेमाल प्रतिमा पर कर डाला। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल वह ब्लैक स्प्रे का डिब्बा और उसका मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।इस मामले का एक और हैरान करने वाला पहलू सामने आया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी की मां ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है, इसके बावजूद किशोर ने आईफोन खरीदने की जिद की थी। फोन न मिलने पर उसने आत्महत्या तक की धमकी दी थी, जिसके बाद डरकर परिवार ने अपनी जमीन बेचकर उसे आईफोन दिलाया था। पुलिस अब उसके उदंड स्वभाव और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी बारीकी से जाँच कर रही है।
चूंकि आरोपी की उम्र 17 वर्ष है, इसलिए पुलिस ने कानूनी प्रावधानों के तहत उसे बाल सुधार गृह भेज दिया है। बरामद मोबाइल और अन्य साक्ष्यों को फोरेंसिक और तकनीकी जांच का हिस्सा बनाया गया है।
