दिल्ली के रामलीला मैदान की रैली से लौटे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने INDIAगठबंधन की एकजुटता को बताया बड़ी सफलता,राजेश ठाकुर ने PMमोदी और भाजपा पर साधा निशाना
रांची: दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को आयोजित 'वोट बचाओ, देश बचाओ' रैली को लेकर झारखंड कांग्रेस ने बड़ी सफलता का दावा किया है। रैली में शामिल होकर झारखंड लौटे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि यह रैली उम्मीद से कहीं ज्यादा बड़ी और सफल रही। उन्होंने दावा किया कि रामलीला मैदान में जितनी भीड़ मौजूद थी, उससे तीन से पांच गुना अधिक लोग आसपास की सड़कों पर दिखाई दे रहे थे। प्रदेश अध्यक्ष ने रैली में INDIA गठबंधन की एकजुटता और झारखंड के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी को इसकी सबसे बड़ी उपलब्धि बताया।

राहुल गांधी को मंच तक पहुंचने में लगे तीन घंटे-केशव महतो
केशव महतो कमलेश ने कहा कि रामलीला मैदान में रैली को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह था। स्थिति ऐसी थी कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को रैली स्थल तक पहुंचने में करीब तीन घंटे का समय लग गया। उन्होंने कहा कि मैदान के अलावा आसपास की सड़कों पर भी भारी संख्या में लोग मौजूद थे। उन्होंने दावा किया कि रैली में INDIA गठबंधन के नेताओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी शामिल हुए। झारखंड के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भागीदारी भी काफी उत्साहजनक रही।

INDIAगठबंधन की एकजुटता का दिया संदेश
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस रैली की सबसे बड़ी खासियत INDIA गठबंधन की एकजुटता रही। गठबंधन के विभिन्न दलों के नेता और कार्यकर्ता एक मंच पर नजर आए। उन्होंने कहा कि आम लोगों के साथ बड़ी संख्या में विभिन्न वर्गों के लोग भी रैली में पहुंचे थे। केशव महतो कमलेश के मुताबिक, इस रैली के माध्यम से INDIA गठबंधन ने संकल्प लिया है कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से नहीं हटाया जाता, तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी।

राजेश ठाकुर का BJPऔर प्रधानमंत्री मोदी पर हमला
वहीं, झारखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने भी रामलीला मैदान की रैली को सफल बताते हुए भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस रैली से साफ हो गया है कि देश की जनता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपना रुख स्पष्ट कर रही है। राजेश ठाकुर ने दावा किया कि रैली की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि भाजपा के नेता लगातार इसकी निगरानी कर रहे थे और भीड़ की संख्या तथा अलग-अलग स्थानों पर लोगों की मौजूदगी की जानकारी जुटा रहे थे।

भाजपा की पदयात्रा पर भी कसा तंज
राजेश ठाकुर ने भाजपा की ओर से निकाली जा रही 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने खुद मान लिया है कि देश में अराजकता का माहौल है और लोकतंत्र कमजोर हो रहा है, तभी पार्टी को सड़क पर उतरना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लंबे समय से लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। अब भाजपा भी उन्हीं मुद्दों पर सड़क पर उतर रही है। राजेश ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि आने वाले दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी राहुल गांधी के बताए रास्ते पर चलते नजर आएंगे।

चुनाव आयोग को लेकर सियासी टकराव तेज
रामलीला मैदान की रैली के बाद झारखंड कांग्रेस के नेताओं के बयानों से स्पष्ट है कि पार्टी चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ अपना राजनीतिक अभियान जारी रखने की तैयारी में है। वहीं, भाजपा की पदयात्रा को लेकर भी कांग्रेस ने हमला तेज कर दिया है। ऐसे में आने वाले दिनों में झारखंड में भी INDIA गठबंधन और भाजपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।

रांची से राहुल कुमार की रिपोर्ट