गिरिडीह में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने संभाली कमान,हजारीबाग में भी बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ता;कांग्रेस पर जनता को भ्रमित करने का आरोप
गिरिडीह/हजारीबाग: झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मंगलवार को हजारीबाग और गिरिडीह में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के तहत पदयात्रा निकाली। दोनों जिलों में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की मजबूती और देशहित में एकजुट रहने का संदेश दिया। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर जनता को भ्रमित करने और राजनीतिक माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया।

गिरिडीह में झंडा मैदान से निकली पदयात्रा
गिरिडीह में भाजपा की पदयात्रा झंडा मैदान से शुरू हुई। यहां से कार्यकर्ता अंबेडकर चौक, कालीबाड़ी, टावर चौक और मुस्लिम बाजार होते हुए बड़ा चौक पहुंचे, जहां पदयात्रा का समापन हुआ। इस दौरान कार्यकर्ता हाथों में भाजपा के झंडे और तख्तियां लेकर 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' के नारे लगाते रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिली। पदयात्रा को लेकर शहर में सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

आदित्य साहू और बाबूलाल मरांडी समेत कई बड़े नेता हुए शामिल
गिरिडीह की पदयात्रा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी, बगोदर विधायक नागेंद्र महतो और जमुआ विधायक मंजू कुमारी समेत कई वरिष्ठ नेता एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अभियान के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और देश में स्थिरता बनाए रखने का संदेश दिया।

हजारीबाग में जिला स्कूल मैदान से निकली पदयात्रा
हजारीबाग में भी भाजपा की ओर से जिला स्कूल मैदान से पदयात्रा निकाली गई। इसमें पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग इस अभियान से जुड़े।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जबकि कुछ ताकतें जनता को भ्रमित करने और देश में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रही हैं।

लोकतंत्र की मजबूती का दिया संदेश
दोनों जिलों में आयोजित पदयात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, देशहित और एकजुटता का संदेश दिया। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस की राजनीतिक गतिविधियों पर सवाल उठाते हुए जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया। पार्टी के इस अभियान को झारखंड में भाजपा के राजनीतिक जनसंपर्क कार्यक्रम के रूप में भी देखा जा रहा है।

हजारीबाग से पप्पू ठाकुर और गिरिडीह से नफीस अजहर की रिपोर्ट