15नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस पर तीन दिवसीय यात्रा का समापन,भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बोले- भगवान बिरसा मुंडा के बताए रास्ते पर चलने की जरूरत
रांचीः भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर झारखंड भाजपा की तीन दिवसीय 'राष्ट्रीय जनजाति गौरव पदयात्रा' का रविवार, 15 नवंबर 2026 को राजधानी रांची में समापन हुआ। खूंटी जिले के उलिहातू स्थित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली से शुरू हुई यह पदयात्रा रांची के कोकर स्थित भगवान बिरसा मुंडा के समाधि स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पदयात्रा के माध्यम से झारखंड के वीर सपूतों के संघर्ष, बलिदान और गौरवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।
भगवान बिरसा मुंडा के बताए रास्ते पर चलने का आह्वान
पदयात्रा के समापन अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हम सभी को भगवान बिरसा मुंडा के बताए हुए पदचिह्नों पर चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से समाज को एक महत्वपूर्ण संदेश देने का प्रयास किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड के वीर सपूतों ने अपने संघर्ष और बलिदान से देश के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान बनाया है। उनकी वीरगाथाओं को राज्य के जन-जन तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी अपने महापुरुषों के योगदान और संघर्ष से परिचित हो सकें।

उलिहातू से समाधि स्थल तक की यात्रा के कई मायने- मधु कोड़ा
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने पदयात्रा को लेकर कहा कि उलिहातू से निकली यात्रा भगवान बिरसा मुंडा के समाधि स्थल तक पहुंची है। इस यात्रा के कई मायने हैं। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिवस पर नई पीढ़ी को यह बताने का प्रयास किया गया है कि झारखंड के वीर सपूतों ने अंग्रेजों के खिलाफ किस तरह लड़ाई लड़ी थी और अपने साहस एवं पराक्रम से अंग्रेजी हुकूमत के सामने अपना लोहा मनवाया था। मधु कोड़ा ने वीर सपूतों के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनके इतिहास और योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना जरूरी है।
तीन दिनों तक चली पदयात्रा,जनजातीय गौरव का दिया संदेश
भाजपा की ओर से आयोजित इस तीन दिवसीय राष्ट्रीय जनजाति गौरव पदयात्रा की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू से की गई थी। यात्रा के दौरान जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन में आदिवासी महापुरुषों की भूमिका और झारखंड के वीर शहीदों के बलिदान को याद किया गया।15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर कोकर स्थित उनके समाधि स्थल पर पदयात्रा का समापन किया गया।
जनजातीय गौरव और झारखंड के इतिहास को किया याद
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित इस पदयात्रा के समापन के साथ भाजपा नेताओं ने झारखंड की ऐतिहासिक विरासत, जनजातीय अस्मिता और वीर सपूतों के बलिदान को याद किया। उलिहातू से कोकर तक निकली इस यात्रा के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, स्वाभिमान और अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उनके आंदोलन की गाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
रांची से राहुल कुमार की रिपोर्ट

