हजारीबाग सदर विधायक ने पीड़ित परिवार के साथ पुलिस अधीक्षक से मिलकर की त्वरित कार्रवाई की मांग,कहा- जल्द न्याय नहीं मिला तो करेंगे आंदोलन

हजारीबाग: हजारीबाग के ओरिया निवासी उज्ज्वल कुमार पासवान की 22अक्टूबर को हुई मौत के मामले में हजारीबाग सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने पीड़ित परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की। इस दौरान विधायक ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

पीड़ित परिवार के साथSPसे मिले विधायक

जानकारी के अनुसार, उज्ज्वल कुमार पासवान,पिता गंदौरी पासवान, की मौत के मामले को लेकर विधायक प्रदीप प्रसाद ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष पीड़ित परिवार की समस्याओं और उनकी पीड़ा को रखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने का आग्रह किया।

विधायक ने कहा कि घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ऐसे कठिन समय में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।

परिवार का इकलौता बेटा था उज्ज्वल

विधायक प्रदीप प्रसाद ने बताया कि उज्ज्वल कुमार पासवान अपने परिवार के इकलौते पुत्र थे। उनके पीछे डेढ़ वर्ष का मासूम बेटा और बुजुर्ग माता-पिता हैं। परिवार के एकमात्र सहारे की मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं। विधायक ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में वे उनके साथ खड़े हैं और न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।

जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

विधायक प्रदीप प्रसाद ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष पड़ताल होनी चाहिए और जांच में जिन लोगों की संलिप्तता सामने आए, उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई,तो वे पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आंदोलन करेंगे।

न्याय दिलाने के लिए प्रयास जारी रखने का भरोसा

विधायक ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना, निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करना और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई कराना उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जाएगा।

फिलहाल, उज्ज्वल कुमार पासवान की मौत के मामले में पीड़ित परिवार को पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई का इंतजार है। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

हजारीबाग से पप्पू ठाकुर की रिपोर्ट