पटना: अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री लखेंद्र पासवान ने सोमवार को मुख्य सचिवालय,पटना में मंत्री अशोक चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक में भाग लिया.

बैठक के दौरान लखेंद्र पासवान ने जन वितरण प्रणाली के तहत लाभुकों को उपलब्ध कराए जा रहे खाद्यान्न की गुणवत्ता का मुद्दा प्रमुखता से उठाया. उन्होंने कहा कि जन वितरण प्रणाली के माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाता है,इसलिए इसकी गुणवत्ता सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है.

उन्होंने बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जन वितरण प्रणाली के तहत वितरित किए जा रहे खाद्यान्न की गुणवत्ता की गंभीरता से जाँच की जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि लाभुकों को गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न प्राप्त हो. उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र लाभुकों के हितों की रक्षा तथा सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.

बैठक में लक्षित जन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता,जवाबदेही एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा पात्र लाभुकों तक खाद्यान्न का लाभ सुगमतापूर्वक पहुँचाने से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई.

एनडीए सरकार गरीबों,वंचितों एवं जरूरतमंदों के हितों की रक्षा तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है. सरकार का संकल्प है कि जन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक पात्र लाभुक तक गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न पहुँचे और उनके अधिकारों की रक्षा हो.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-