रांची के सिरमटोली रैंप निर्माण के विरोध में आज आदिवासी संगठनों ने झारखंड बंद का किया ऐलान, सुरक्षा पुख्ता इंतजाम


रांची। झारखंड की राजधानी रांची के सिरमटोली फ्लाई ओवर रैंप और अन्य मुद्दो के विरोध में आदिवासी संगठनों ने राज्य बंद का आह्वान किया है। बंद के तहत प्रदर्शनकारियों ने आज सुबह बिजूपाड़ा के पास रांची-डाल्टनगंज मार्ग पर जमकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने बताया कि पूरे झारखंड में, खासकर राजधानी रांची में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं।
राजधानी रांची में बंद का असर रांची के ग्रामीण इलाकों में ज्यादा देखने को मिल रहा है। रांची के टाटीसिलवे, कांके, रातू, ओरमांझी मांडर और दूसरे ग्रामीण थानों में कई स्थानों पर सड़क जाम कर दी गई है। पुलिस की टीम बंद समर्थकों को समझा बुझाकर सड़क पर से हटाने में लगी हुई है।
राजधानी रांची में भारी संख्या में पुलिस बल तैनाती की गई है। सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर सुरक्षा की विशेष तैयारी की गई है। क्यूआरटी को भी तैनात करने के साथ सीसीटीवी कैमरे से भी मॉनिटरिंग की जा रही है।