मोबाइल छोड़िए, साइकिल चलाइए : DM ने 50 KM साइकिल चलाकर दिया बड़ा संदेश
शेखपुरा- किशोरों और युवाओं को मोबाइल फोन पर अधिक समय बिताने के बजाय स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संदेश देने के लिए शेखपुरा के जिलाधिकारी शेखर आनंद ने मंगलवार को करीब 50 किलोमीटर की साइकिल यात्रा की। डीएम की इस पहल का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति जागरूक करना रहा।
जिलाधिकारी ने शेखपुरा स्थित अपने सरकारी आवास से साइकिल यात्रा शुरू की। वे राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 333ए से बरबीघा पहुंचे। इसके बाद बरबीघा के मिशन चौक से बरबीघा-वारिसलीगंज राजकीय मार्ग होते हुए शेखोपुरसराय और मटोखर के रास्ते वापस शेखपुरा पहुंचे। इस करीब 50 किलोमीटर लंबी यात्रा में उनके अंगरक्षक ने भी साइकिल से उनके साथ दूरी तय की।
साइकिल यात्रा पूरी करने के बाद डीएम शेखर आनंद ने कहा कि आज के दौर में किशोर और युवा मोबाइल फोन पर काफी समय बिता रहे हैं। इससे न केवल उनका कीमती समय बर्बाद हो रहा है, बल्कि स्वास्थ्य पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने युवाओं से मोबाइल फोन पर अनावश्यक समय बिताने के बजाय सुबह के समय साइकिल चलाने और शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
डीएम ने कहा कि साइकिल चलाने से स्वास्थ्य बेहतर रखने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने की अपील की।जिलाधिकारी की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की। लोगों का कहना है कि प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी द्वारा खुद साइकिल चलाकर जागरूकता का संदेश देना युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
शेखपुरा से धर्मेंद्र कुमार की रिपोर्ट





