NEWS DESK :इस वक्त एक बड़ी ख़बर सामने आ रही है कि बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के कार्यपालक अभियंता श्रीकांत शर्मा के ठिकानों पर स्पेशल विजिलेंस यूनिट की छापेमारी हुई है। छापेमारी की खबर सामने आने के बाद सनसनी फैल गई है।
भारी मात्रा में नोटों के बंडल बरामद
भागलपुर के जोकसर थाना क्षेत्र के हनुमान नगर कॉलोनी निवासी श्रीकांत शर्मा के आवास पर आज विजिलेंस की टीम ने सघन छापेमारी की। बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के श्रीकांत शर्मा एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के तौर पर कार्यरत हैं, उनके घर से विजिलेंस विभाग की टीम ने छापेमारी कर 80 लाख रुपये नगद के साथ लाखों के जेवरात और जमीन के कई कागजात बरामद किए हैं।
सूटकेस में मिला नोटों से भरा बंडल
जब छापेमारी शुरू हुई तो उन्होंने कुछ भी बताने से इनकार किया। फिर छापेमारी के दौरान उनके घर से एक सूटकेस में नोटों से भरा बंडल बरामद किया गया। वहीं, निगरानी टीम ने आय से अधिक संपत्ति रखने के एवज में उन्हें गिरफ्तार भी कर लिया है।
आय से अधिक संपत्ति का है मामला
फिलहाल विशेष निगरानी इकाई की टीम अवैध संपत्ति सहित कागजातों को खंगालने में जुटी हुई है। बिहार में भ्रष्टाचार पर विशेष निगरानी के लिए टीम की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में बिहार पुल निर्माण निगम के कार्यपालक अभियंता के बारे में भी पता चला कि उनके पास आय से अधिक संपत्ति है, जिसको लेकर यह कार्रवाई की गई है।
जांच में जुटी विशेष टीम
वहीं, पटना से आए अधिकारियों ने बताया कि विशेष जांच टीम लगी हुई है। श्रीकांत शर्मा के कई ठिकानों पर छापेमारी की जाएगी। इसके बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल श्रीकांत शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है।

