जमुई: बड़ी खबर बिहार के जमुई से है जहां सोनो थाना क्षेत्र के बाबूडीह स्थित टीकलाई तालाब में मूर्ति विसर्जन के दौरान डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई.

बताया जा रहा है कि मूर्ति विसर्जन के दौरान दोनों भाई टीकलाई तालाब के समीप मौजूद थे. इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकालने का प्रयास किया,लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. दरअसल,शंकर चौधरी खैरा थाना में गृह रक्षा वाहिनी के जवान के रूप में कार्यरत हैं. परिवार में दो बेटियां और तीन बेटे हैं. अमरजीत और रुद्र प्रताप बड़े और मंझले बेटे थे,जबकि तीसरा बेटा अभी छोटा है. एक साथ दो बेटों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. मृतकों में बाबूडीह निवासी शंकर चौधरी के 11 वर्षीय पुत्र अमरजीत चौधरी और छह वर्षीय पुत्र रुद्र प्रताप शामिल है. अमरजीत पांचवीं कक्षा में,जबकि रुद्र प्रताप एलकेजी में पढ़ाई करता था.

मृतक के पिता शंकर चौधरी ने बताया कि मूर्ति विसर्जन के दौरान दोनों बेटे नहर में डूब गए. दोनों की मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है.

जमुई से सदानंद कुमार की रिपोर्ट-