बोकारो: जिले में होमगार्ड और चौकीदार के रिक्त पड़े 189 पदों पर जल्द नोटिफिकेशन जारी करने की मांग को लेकर युवाओं ने 28 जुलाई को आंदोलन कर डीसी को ज्ञापन सौंपा. उस समय डीसी ने 45 दिनों के अंदर कार्रवाई का आश्वासन दिया था,लेकिन अब तक नोटिफिकेशन जारी नहीं होने पर युवाओं ने एक बार फिर बोकारो डीसी अजयनाथ झा से उनके कार्यालय में मुलाकात की. इस दौरान डीसी ने आश्वासन दिया कि दुर्गा पूजा और दीपावली के बीच 189 रिक्त पदों पर बहाली के लिए नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा.

डीसी से मिलने पहुंचे युवाओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बड़ी संख्या में युवा इस बहाली की तैयारी कर रहे हैं. बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का यह एक महत्वपूर्ण अवसर है। युवाओं ने मांग की कि बहाली प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरी की जाए, ताकि योग्य अभ्यर्थियों को इसका लाभ मिल सके.