सोनपुर: सारण के हरिहर क्षेत्र सोनपुर में इस वर्ष विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेला22नवंबर से शुरू होगा. मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य, सुरक्षा और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी है. मेला क्षेत्र में अस्थायी चिकित्सा शिविर और औषधालय बनाए जाने की तैयारी है. इसके अलावा आपात स्थिति से निपटने के लिए नौका एंबुलेंस की भी व्यवस्था की जाएगी.

स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ मेले में प्रचार और अन्य व्यवस्थाओं को भी बेहतर बनाने की योजना है. इसके तहत तोरण-द्वार,ग्लो साइन बोर्ड और चिकित्सा संबंधी व्यवस्थाओं के लिए एजेंसियों का चयन किया जाएगा. इसको लेकर सारण के सिविल सर्जन सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी ने फर्म,कंपनी और सोसाइटी से मुहरबंद अल्पकालीन निविदा आमंत्रित की है.

निविदा प्रक्रिया के लिए तकनीकी और वित्तीय निविदा अलग-अलग लिफाफों में जमा करनी होगी. दोनों लिफाफों को एक बड़े लिफाफे में रखकर निर्धारित पते पर भेजना होगा. इच्छुक एजेंसियां अपनी निविदा सिविल सर्जन सह सचिव,जिला स्वास्थ्य समिति,सारण के कार्यालय में जमा कर सकती हैं.

निविदा जमा करने की अंतिम तिथि13अक्टूबर2026शाम पांच बजे तक निर्धारित की गई है. इसके बाद प्राप्त होने वाली निविदाओं पर विचार नहीं किया जाएगा. प्राप्त निविदाओं के लिफाफे14अक्टूबर को दोपहर एक बजे खोले जाएंगे.

सोनपुर मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिकित्सा और आपातकालीन सेवाओं की व्यवस्था को अहम माना जा रहा है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-