बिहार के तराई इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। नेपाल में पिछले तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के बाद गंडक नदी के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है। नेपाल के देवघाट से गंडक नदी में करीब 4.22 लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज होने की सूचना है।

गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर से पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज और सारण समेत कई जिलों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर क्षेत्र में स्थिति ज्यादा गंभीर बताई जा रही है। भेड़िहारी, रोहुआ टोला और चकदहवा समेत कई गांवों में पानी पहुंचने से जनजीवन प्रभावित हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, दोपहर 1 बजे तक गंडक नदी में करीब 2.90 लाख क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। प्रभावित इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में शिफ्ट किया जा रहा है।

वहीं, मौसम विज्ञान विभाग ने बिहार के कई हिस्सों में आज भारी बारिश की आशंका जताई है। लगातार बारिश और नेपाल से आने वाले पानी के कारण आने वाले समय में गंडक नदी के जलस्तर में और बढ़ोतरी की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है।

बगहा से राकेश सोनी की रिपोर्ट