पटना: राजधानी पटना में बिहार राज्य तालिमी मरकज शिक्षा सेवक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल की अगुआई संघ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मो. मोहसीन अंसारी और प्रदेश सचिव मो. तारिक अनवर ने की. इस दौरान विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्राफ भी मौजूद रहे.
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा सेवक और तालिमी मरकज शिक्षा सेवकों के पिछले चार महीने से लंबित मानदेय का मुद्दा नीतीश कुमार के समक्ष रखा. प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण शिक्षा सेवकों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. संघ की ओर से लंबित मानदेय के भुगतान के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया गया.
प्रतिनिधिमंडल की ओर से रखी गई समस्याओं को नीतीश कुमार ने गंभीरता से सुना. उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे इस मामले को लेकर संबंधित विभाग से आग्रह करेंगे और समाधान के लिए आवश्यक प्रयास करेंगे.
नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार सरकार जनहित से जुड़े मामलों को लेकर संवेदनशील है. उन्होंने भरोसा जताया कि शिक्षा सेवकों के लंबित मानदेय से जुड़े मामले का त्वरित निष्पादन किया जाएगा.
चार महीने से भुगतान लंबित रहने के बीच संघ के प्रतिनिधिमंडल की नीतीश कुमार से मुलाकात को मानदेय भुगतान की दिशा में पहल के तौर पर देखा जा रहा है. प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि संबंधित विभाग की ओर से जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और लंबित भुगतान की समस्या का समाधान होगा.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-

