टीपीसी सुप्रीमो ब्रजेश गंझू की पुलिस कार्रवाई में मौत के विरोध में संगठन द्वारा आहूत तीन दिवसीय बंदी के अंतिम दिन शनिवार को पाण्डु प्रखंड क्षेत्र में बंदी का असर देखने को मिला। पाण्डु बाजार की कई दुकानें बंद रहीं, जबकि कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानें खोलीं। इसके कारण बाजार में सामान्य दिनों की तुलना में चहल-पहल कम रही।बंदी का प्रभाव यातायात व्यवस्था पर भी दिखाई दिया। प्रखंड क्षेत्र की सड़कों पर छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही सामान्य दिनों की अपेक्षा कम रही। हालांकि, आवश्यक कार्यों से निकलने वाले लोगों और वाहनों की आवाजाही जारी रही।
बंदी को देखते हुए पुलिस-प्रशासन की ओर से क्षेत्र में सतर्कता बरती गई। प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखी गई। समाचार लिखे जाने तक क्षेत्र में स्थिति सामान्य बनी हुई थी।
तीन दिवसीय बंदी समाप्त होने के बाद अब बाजार और यातायात व्यवस्था के धीरे-धीरे सामान्य होने की उम्मीद है।
