सीवान: बिहार के सीवान से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। नगर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड के समीप स्थित अल्बैक रेस्टोरेंट में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। रेस्टोरेंट से आग की तेज लपटें और धुएं का गुबार उठता देख आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
रेस्टोरेंट में आग लगने से मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार,अल्बैक रेस्टोरेंट में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। घटना के बाद स्टेशन रोड के आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। आग लगने के सही कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि आग रेस्टोरेंट के किचन से शुरू हुई होगी। हालांकि,इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझाए जाने से स्थिति को नियंत्रित करने में मदद मिली।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है। हालांकि, आग से रेस्टोरेंट को कितना नुकसान हुआ है, इसकी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग की टीम आग लगने के कारणों की जांच में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

