रांची:राजधानी रांची में चक्रवात ‘अर्णब’ के संभावित असर और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। मौसम विभाग की ओर से28 और29 अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी के बीच ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने की जानकारी है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रांची के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को दो दिनों तक बंद रखने का आदेश दिया गया है।

भारी बारिश से जलजमाव की आशंका

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, लगातार बारिश होने से रांची के निचले इलाकों में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो सकती है। सड़कों पर पानी भरने से आवागमन प्रभावित होने और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। संभावित खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है और मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है।

स्कूलों को बंद रखने का फैसला विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है, ताकि खराब मौसम के दौरान बच्चों को आने-जाने में किसी तरह की परेशानी न हो।

स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड में

वहीं, झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने चक्रवात के संभावित प्रभाव को लेकर जानकारी देते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है। खराब मौसम के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विभाग की तैयारियों पर जोर दिया जा रहा है।

प्रशासन की लोगों से सतर्क रहने की अपील

भारी बारिश की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। जलजमाव वाले रास्तों से बचने, खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा नहीं करने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी जाती है।

रांची से राहुल कुमार की रिपोर्ट