महादेवा ओपी थाना क्षेत्र के झुनापुर गांव के पास हुआ दर्दनाक हादसा,दो युवकों ने मौके पर तोड़ा दम,तीसरे की सदर अस्पताल में हुई मौत
सीवानः बिहार के सीवान जिले में दीपावली की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। हादसा महादेवा ओपी थाना क्षेत्र के झुनापुर गांव के पास हुआ, जहां दो बाइकों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।

मिली जानकारी के अनुसार, दीपावली की देर रात कुछ युवक सीवान से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान झुनापुर गांव के पास दो बाइकों में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक ने सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मुकेश महतो और गोलू कुमार तथा गोपालगंज जिले के सनीष कुमार के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल दो अन्य युवकों का इलाज निजी क्लीनिक में चल रहा है।

दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं

हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। जिस घर में दीपावली की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां मातम पसर गया। तीन युवकों की असमय मौत से इलाके में शोक की लहर है।

सीवान से निरंजन कुमार की रिपोर्ट