पुंदाग में छोटानागपुरिया तेली उत्थान समाज की बैठक में बड़ा फैसला, मनमानी वसूली रोकने और गरीब-मध्यमवर्गीय परिवारों को आर्थिक राहत देने की पहल
रांची: शादी-विवाह, छठी-छिल्ला और गृह प्रवेश जैसे शुभ अवसरों पर किन्नर समुदाय को दी जाने वाली बधाई और सम्मान राशि को लेकर रांची में एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहल की गई है। छोटानागपुरिया तेली उत्थान समाज की पुंदाग शाखा ने इन अवसरों पर दी जाने वाली राशि निर्धारित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत शादी-विवाह में 2500 रुपये, छठी-छिल्ला में 1100 रुपये तथा गृह प्रवेश और अन्य शुभ कार्यों के लिए 1100 रुपये की सम्मान राशि तय की गई है। समाज का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य शुभ अवसरों पर परिवारों पर पड़ने वाले अनावश्यक आर्थिक दबाव को कम करना और एक समान व्यवस्था कायम करना है।
शुक्रवार को पुंदाग स्थित महावीर मंदिर प्रांगण में छोटानागपुरिया तेली उत्थान समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। प्रदेश सचिव धनीनाथ राम साहू, रांची जिला महामंत्री प्रकाश कुमार और पुंदाग शाखा अध्यक्ष राम कुमार विद्यार्थी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में समाज के कई मुद्दों पर चर्चा की गई। इसी दौरान शादी-विवाह, छठी-छिल्ला और गृह प्रवेश जैसे शुभ अवसरों पर किन्नर समुदाय को दी जाने वाली सम्मान राशि निर्धारित करने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया।
शादी-विवाह के अवसर पर 2500 रुपये
छठी-छिल्ला के अवसर पर 1100 रुपये
गृह प्रवेश एवं अन्य शुभ कार्यों के अवसर पर 1100 रुपये
स्थानीय लोगों ने कहा कि लंबे समय से शुभ अवसरों पर बधाई देने आने वाले किन्नर समुदाय को लेकर कई परिवारों के सामने राशि को लेकर असमंजस की स्थिति रहती है। कुछ परिवार आर्थिक स्थिति के कारण अधिक राशि देने में असमर्थ होते हैं। ऐसे में एक निश्चित सम्मान राशि तय करने से परिवारों को सहूलियत मिलेगी और अनावश्यक विवाद की स्थिति से बचा जा सकेगा।
जिला अध्यक्ष जेम्स कुमार कश्यप ने पहल का किया स्वागत
छोटानागपुरिया तेली उत्थान समाज के रांची जिला अध्यक्ष जेम्स कुमार कश्यप ने पुंदाग शाखा अध्यक्ष राम कुमार विद्यार्थी और उनकी पूरी टीम के इस निर्णय की सराहना की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सचिव धनीनाथ राम साहू और जिला महामंत्री प्रकाश कुमार के मार्गदर्शन में पुंदाग इकाई ने समाजहित में महत्वपूर्ण पहल की है। इससे खासकर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी। शुभ कार्यों के दौरान किसी परिवार पर अनावश्यक आर्थिक दबाव नहीं पड़ना चाहिए।
महीने में दो बार होगी समाज की बैठक
बैठक में केवल सम्मान राशि निर्धारित करने पर ही चर्चा नहीं हुई, बल्कि संगठन को और मजबूत बनाने के लिए नियमित बैठक आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। इसके तहत प्रत्येक महीने के पहले और तीसरे रविवार को समाज की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक का संचालन अंचन साहू ने किया। अगली बैठक 22 नवंबर 2026 को आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इस बैठक में समाज की एकजुटता, संगठन के विस्तार और सामाजिक हित से जुड़े अन्य मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
बड़ी संख्या में समाज के सदस्य रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में पुंदाग शाखा महामंत्री विशाल साहू, महामंत्री सूरज साहू, लोकेश कुमार, काशीनाथ महतो, दिलीप कुमार, प्रवीण कुमार, पूरन महतो, नारायण महतो, परमानंद कुमार साहू, गौरी शंकर विद्यार्थी, बसंत कुमार महतो, प्रदीप कुमार साहू, दीपक कुमार, चंद्रिका कुमार, दीपक साहू समेत बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित रहे।
JHARKHAND NEWS
शुभ कार्यों पर किन्नर समाज को दी जाने वाली नेग की राशि तय, शादी में 2500 और छठी-गृह प्रवेश में 1100 रुपये निर्धारित

