PATNA :बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने एकबार फिर आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा निशाना साधा है। सम्राट चौधरी ने कहा कि लालू प्रसाद और नीतीश कुमार के दिन लद चुके हैं।
सम्राट चौधरी ने लालू-नीतीश पर साधा निशाना
सम्राट चौधरी ने आरजेडी सुप्रीमो पर निशाना साधते हुए कहा कि लालू प्रसाद का अपना वोट बैंक क्या है, यह उनको पता चल गया है। बीजेपी ने उनको कितनी बार हराया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ जाकर उन्होंने जता दिया कि अब उनका वोट बैंक ख़त्म हो रहा है।
सम्राट चौधरी ने लालू प्रसाद पर निशाना साधते हुए कहा कि लालू प्रसाद जी कितना भी कुछ कर लें लेकिन अब कुछ होने वाला नहीं है। लालू प्रसाद की सक्रियता सियासत में बढ़ी है लेकिन जेडीयू वालों ने ही उनको फंसाया और बचाया है। एनडीए ने लालू प्रसाद को कितनी मर्तबा मात दी है, ये उन्हें भी याद है।
"सियासत से अप्रासंगिक हो चुके हैं नीतीश"
वहीं, मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार अब राजनीति से अप्रासंगिक हो चुके हैं। लालू प्रसाद को फंसाने वाले नीतीश जी हैं और जेल भेजने वाले भी नीतीश कुमार ही हैं लेकिन अब लालू प्रसाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की गोद में ही जाकर बैठ गये हैं। लालू प्रसाद और नीतीश कुमार के दिन अब लद चुके हैं।
"लालू प्रसाद को पंजीकृत अपराधी कहती थी जेडीयू"
सम्राट चौधरी ने लालू प्रसाद पर चुटकी लेते हुए कहा कि अब वे बीमार हैं लिहाजा आराम करें। नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू के लोग ही लालू प्रसाद को पंजीकृत अपराधी कहते थे लेकिन एक पंजीकृत अपराधी कैसे किसी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष हो सकता है। यह भी जांच का विषय है। अगर कोई इस मामले पर कोर्ट चला जाए तो वो उनकी अध्यक्षता भी ख़त्म हो जाएगी।
"आरजेडी-कांग्रेस के वोटबैंक में सेंधमारी करेंगे नीतीश"
वहीं, नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू के भाईचारा यात्रा पर तंज कसते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि जेडीयू इसमें क्या करेगी। नीतीश कुमार की रुचि आरजेडी और कांग्रेस के वोट बैंक में सेंधमारी की है लिहाजा ये यात्रा निकाली जा रही है।

