समस्तीपुर:बिहार के समस्तीपुर में नाबालिग लड़की के साथ सरेआम छेड़खानी का वीडियो सामने आने के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस घटना को लेकर बिहार सरकार पर निशाना साधा है. पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव ने कहा कि जमुई के बाद अब समस्तीपुर का वीडियो सामने आया है,जो बेहद निंदनीय है.
तेजस्वी यादव ने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था का जनाजा निकल चुका है. उन्होंने कहा कि राज्य में लगातार अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं और पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं.
तेजस्वी ने पटना में जनप्रतिनिधि पर हुई गोलीबारी का भी जिक्र किया और कहा कि हत्या,लूट,अपहरण और फिरौती जैसी घटनाएं लगातार हो रही हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के कुछ मंत्री गंभीर घटनाओं को छिटपुट घटना बताकर अपना पल्ला झाड़ लेते हैं.
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री पर भी गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के बजाय कई मामलों को दबाने की कोशिश की जाती है. साथ ही थाना और प्रखंड स्तर पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए.
वहीं,समस्तीपुर मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करने को लेकर भी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
