रांचीःसड़क पर लापरवाही की,तो सीधे यमराज से सामना हो सकता है! राजधानी रांची में सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने अनोखे अंदाज में जागरूकता अभियान चलाया। दलादली चौक और तिलता चौक पर आयोजित इस अभियान में परिवहन सचिव राजीव रंजन,डीटीओ अखिलेश कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान यमराज की वेशभूषा में पहुंचे कलाकारोंने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया।
बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वालों को समझाया
अभियान के दौरान बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले,सीट बेल्ट नहीं लगाने वाले और यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों को रोककर जागरूक किया गया। चालकों को नशे में वाहन नहीं चलाने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी गई।
यमराज के वेश में कलाकार ने अपने अनोखे अंदाज में लोगों को समझाया कि सड़क पर छोटी-सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। वहीं,यातायात नियमों का पालन करने वाले चालकों को सुरक्षित सफर का संदेश दिया गया।
‘नियम तोड़ना बहादुरी नहीं,जिंदगी से खिलवाड़ है’
परिवहन विभाग ने अभियान के जरिए स्पष्ट किया कि तेज रफ्तार,बिना हेलमेट वाहन चलाना,सीट बेल्ट नहीं लगाना और नशे में ड्राइविंग करना दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ाता है। ऐसे में वाहन चालकों को अपनी सुरक्षा के साथ सड़क पर चलने वाले दूसरे लोगों की जिंदगी का भी ध्यान रखना चाहिए।
घर पर कोई कर रहा है आपका इंतजार
इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनाना और दुर्घटनाओं को रोकना है। विभाग ने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने,निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
रांची से नैयर की रिपोर्ट

