कमरे से महिला का शव बरामद,लिव इन पार्टनर की तलाश में जुटी पुलिस,कमरे सेकैंसर के इलाज का पुर्जा बरामद
मुजफ्फरपुर:बिहार के मुजफ्फरपुर में लिव इन रिलेशनशिप में रह रही 45 वर्षीय महिला का शव बंद कमरे से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना मिठनपुरा थाना क्षेत्र के रामबाग चौरी की है। मृतका की पहचान वैशाली जिले की रहने वाली ऊषा देवी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार,महिला का शव कमरे में मिलने के बाद उसका लिव इन पार्टनर अनिल राम फरार है। उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, अनिल राम पिछले करीब दो वर्षों से रामबाग चौरी स्थित राजकुमारी देवी के मकान में किराये पर रह रहा था। लगभग पांच महीने पहले वह ऊषा देवी को भी अपने साथ रखने लगा था। महिला शहर के एक मॉल में काम करती थी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच शादी को लेकर भी बातचीत चल रही थी।
घटना की सूचना मिलने पर मिठनपुरा थानेदार अजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कमरे की ग्रिल में बाहर से ताला लगा हुआ था। पुलिस ने ताला खुलवाकर महिला का शव बरामद किया। शव पर कंबल होने की बात भी सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
बीमारी से मौत या कोई दूसरा कारण?
पुलिस को कमरे से कैंसर के इलाज से संबंधित एक पुर्जा मिला है। उसके अनुसार, महिला को गुरुवार को डॉक्टर के पास ले जाया गया था। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि उसकी मौत बीमारी के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।
एएसपी टाउन वन सुरेश कुमार के मुताबिक, महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है। मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस अनिल राम की तलाश कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
संजय कुमार की रिपोर्ट

